Ram Navmi 2024: कल है राम नवमी, जानें कब होगा शुभ मुहूर्त, भगवान शिव का भी करें अभिषेक

राम नवमी

हिंदू धर्म के अनुसार 17 अप्रैल को रामनवमी आ रही है। इस दिन मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म हुआ था। यह त्योहार हर साल चैत्र नवरात्रि की शुक्ल पक्ष की नवमी के दिन मनाया जाता है। भगवान राम का जन्म त्रेता युग में इसी तिथि पर हुआ था। हर साल हम शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि के दिन भगवान राम का जन्मोत्सव मनाते हैं। इसी दिन पूरे भारत के एक एक कोने में भगवान राम की झांकियां निकाली जाती है।

रामनवमी के दिन भक्त पूरे भक्ति भाव के साथ, पूरे विधि विधान के साथ भगवान श्री राम की पूजा में लीन हो जाते हैं। इसी दिन चैत्र नवरात्रि की नवमी भी मनाई जाती है। राम नवमी के दिन जगत जननी आदिशक्ति मां सिद्धिदात्री की पूजा की जाती है। कहा जा रहा है कि इस दिन भगवान के अभिषेक के लिए कई योग बन रहे हैं। इन योग में भगवान शिव की पूजा करने से साधक को कभी न क्षय होने वाले फल की प्राप्ति होगी। आइये आपको इस लेख में बताएंगे कि क्या होंगे पूजा के शुभ मुहूर्त।

पूजा समय

चैत्र नवरात्रि की नवमी तिथि 17 अप्रैल दोपहर 3 बजकर 14 मिनट पर समाप्त होगी। इसके पहले पूजा का समय सुबह 11 बजकर 3 मिनट से लेकर दोपहर 1 बजकर 38 मिनट तक रहने वाला है। वहीं मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का जन्म का समय दोपहर के 12 बजकर 21 मिनट है। आप चाहें, तो इस समय भगवान राम की पूजा और आरती कर सकते हैं।

बताया जा रहा है कि इस रामनवमी पर रवि योग दिनभर रहने वाला है। वहीं इसी दिन दोपहर 3 बजकर 14 मिनट तक कौलव करण का निर्माण हो रहा है। ज्योतिषियों का कहना है कि किसी भी मंगल कार्य के लिए कौलव करण को शुभ माना जाता है।

शिववास योग

रामनवमी के दिन भगवान भोले नाथ अपनी अर्धांगिनी जगत जननी मां पार्वती के साथ दोपहर 03 बजकर 14 मिनट तक रहेंगे। कहा जा रहा है कि इस समय भगवान भोलेनाथ की अभिषेक करने से मनोवांछित फल की प्राप्ति होगी।