घर में तुलसी का पौधा लगाने का सही तरीका घर को सकारात्मकता से भर देगा

घर में तुलसी पौधा

तुलसी का पौधा भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं में विशेष स्थान रखता है। इसे न केवल पूजा-पाठ में महत्वपूर्ण माना जाता है बल्कि यह स्वास्थ्य और वास्तु शास्त्र के अनुसार भी अत्यंत लाभदायक होता है। तुलसी का पौधा घर में सकारात्मक ऊर्जा लाने, वातावरण को शुद्ध करने और सुख-समृद्धि प्रदान करने के लिए जाना जाता है। लेकिन इसे लगाने के लिए सही दिशा, स्थान और देखभाल की आवश्यकता होती है। अगर इसे गलत दिशा में रखा जाए या सही तरीके से देखभाल न की जाए तो इससे आपको जीवन में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए तुलसी लगाने से पहले कुछ महत्वपूर्ण बातों को ध्यान में रखना जरूरी है।

उत्तर-पूर्व दिशा से सबसे शुभ

वास्तु शास्त्र के अनुसार, तुलसी का पौधा लगाने के लिए उत्तर-पूर्व दिशा को सबसे शुभ माना जाता है। यह दिशा देवताओं की मानी जाती है और इस दिशा में तुलसी लगाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है। इसके अलावा तुलसी को पूर्व दिशा में भी लगाया जा सकता है जो स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए लाभकारी होती है। उत्तर दिशा में तुलसी लगाने से करियर और आर्थिक स्थिति में सुधार होता है। हालांकि दक्षिण दिशा में तुलसी लगाना अशुभ माना जाता है, क्योंकि इससे नकारात्मक ऊर्जा बढ़ सकती है। साथ ही इसे बाथरूम या किचन के पास रखने से बचना चाहिए, क्योंकि यह अशुद्ध स्थान माने जाते हैं।

मिट्टी के गमले में लगाना शुभ

तुलसी का पौधा लगाने के लिए मिट्टी का गमला सबसे शुभ होता है। मिट्टी के गमले में नमी संतुलित रहती है और पौधा अच्छे से बढ़ता है। इसे ऐसे स्थान पर रखना चाहिए जहाँ पर्याप्त धूप आती हो। तुलसी को दिन में कम से कम 4-6 घंटे की धूप मिलनी चाहिए। पानी देने के मामले में सावधानी बरतनी चाहिए। तुलसी को नियमित रूप से पानी देना चाहिए लेकिन अधिक पानी देने से इसकी जड़ें सड़ सकती हैं।

सुबह-शाम जल देना शुभ

तुलसी की देखभाल के लिए कुछ धार्मिक और पारंपरिक नियमों का पालन करना आवश्यक होता है। तुलसी को हर दिन सुबह और शाम जल चढ़ाना शुभ माना जाता है, लेकिन रविवार और एकादशी के दिन तुलसी में पानी नहीं डालना चाहिए। इसके अलावा बिना स्नान किए तुलसी की पत्तियाँ तोड़ना अशुभ माना जाता है। तुलसी के आसपास का स्थान हमेशा साफ-सुथरा रखना चाहिए और सूखी या पीली पत्तियों को समय-समय पर हटा देना चाहिए।